राष्ट्रीय
10-May-2026
...


चंडीगढ़(ईएमएस)। गुरुग्राम की सत्र अदालत ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को सात दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड पर भेज दिया है। शनिवार सुबह करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची ईडी की टीम ने अरोड़ा के आवास पर छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। देर रात उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ एजेंसी ने 10 दिनों की हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने सात दिन की रिमांड मंजूर की। संजीव अरोड़ा पर एक महीने के भीतर ईडी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों में करीब 157.12 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। सूत्रों के अनुसार, इसमें शेल कंपनियों के जरिए फर्जी बिक्री और फर्जी निर्यात दिखाकर राउंड-ट्रिपिंग के माध्यम से धन का हेरफेर किया गया है। ईडी ने इस मामले में फेमा नियमों के उल्लंघन के संदेह में कई बैंक खाते, डीमैट खाते और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में उबाल आ गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार संजीव अरोड़ा के यहाँ छापेमारी की गई है, लेकिन अब तक कुछ हासिल नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा, पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, यह मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। भाजपा चुनाव आते ही ईडी की रेड और मानहानि के नोटिस जैसे हथकंडों का सहारा लेती है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता और यहां का भाईचारा भाजपा के मंसूबों को सफल नहीं होने देगा। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के बाद अब पंजाब को निशाना बनाया जा रहा है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब के ग्रामीण विकास का पैसा रोकने और पंजाब यूनिवर्सिटी को हथियाने की कोशिशों के बाद अब ईडी के जरिए नेताओं को डराया जा रहा है। उन्होंने हालिया उदाहरण देते हुए कहा कि छापेमारी के जरिए नेताओं को तोड़कर भाजपा में शामिल करने का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह औरंगजेब के अत्याचार का पंजाब ने डटकर सामना किया था, उसी तरह आज पंजाब मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ खड़ा होगा। ज्ञात हो कि दो दिन पहले ही मोहाली और चंडीगढ़ में भी करीब 12 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। वीरेंद्र/ईएमएस/10मई 2026