10-May-2026
...


- भारती एयरटेल, टीसीएस, एसबीआई को बड़ा नुकसान, रिलायंस व एचडीएफसी बैंक ने दर्ज की अच्छी बढ़ोतरी नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते सप्ताह शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी ने भले ही सीमित दायरे में बढ़त दर्ज की हो, लेकिन देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है। इस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों ने अच्छा प्रदर्शन कर अपनी स्थिति मजबूत की। समीक्षाधीन सप्ताह में भारती एयरटेल, एसबीआई, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के बाजार पूंजीकरण में सामूहिक रूप से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इस सूची में भारतीय स्टेट बैंक को सर्वाधिक 44,722.34 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिससे इसका मार्केट कैप घटकर 9,41,107.62 करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 31,167.1 करोड़ रुपये घटकर 11,18,055.03 करोड़ रुपये पर आ गया, वहीं टीसीएस ने 28,456.26 करोड़ रुपये गंवाए, जिससे उसकी बाजार हैसियत 8,66,477.69 करोड़ रुपये रह गई। एलएंडटी को भी 5,371.84 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके विपरीत रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्यांकन में कुल 46,685.21 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 15,425.09 करोड़ रुपये बढ़कर 12,02,699.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 11,486.89 करोड़ रुपये बढ़कर 5,94,610.02 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर ने 8,763.97 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की और रिलायंस इंडस्ट्री्स का बाजार पूंजीकरण 6,563.28 करोड़ रुपये बढ़कर 19,42,866.58 करोड़ रुपये रहा, जिससे वह शीर्ष स्थान पर बरकरार रही। एलआईसी और आईसीआईसीआई बैंक ने भी क्रमश: 2,751.37 करोड़ रुपये और 1,694.61 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखी। सतीश मोरे/10मई ---