पायलट ने विमान रोका, सभी 231 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से बाहर निकाला वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के डेनवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक विमान टेकऑफ के दौरान रनवे पर मौजूद एक पैदल व्यक्ति से टकरा गया। हादसे के बाद विमान के इंजन में आग लग गई और यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से बाहर निकाला गया। यह घटना शुक्रवार देर रात को हुई। विमान डेनवर से लॉस एंजिल्स अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जा रहा था। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक टेकऑफ के दौरान पायलट ने कंट्रोल टावर को बताया कि हम रनवे पर रुक रहे हैं… हमने किसी को टक्कर मार दी है…इंजन में आग लगी है। रिपोर्ट के मुताबिक पायलट ने यह भी बताया कि विमान में कुल 231 लोग सवार थे। ऑडियो रिकॉर्डिंग में पायलट ने कहा कि एक व्यक्ति रनवे पार कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। इसके बाद विमान के अंदर धुआं भरने लगा और तुरंत इमरजेंसी इवैक्युएशन शुरू कर दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि यह एयरबस ए321 विमान था, जिसमें 224 यात्री और 7 क्रू सदस्य मौजूद थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है। हालांकि जिस पैदल व्यक्ति को टक्कर लगी, उसकी हालत को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद रनवे 17एल को बंद कर दिया है। यह सवाल अब सबसे बड़ा बन गया है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति रनवे तक पहुंचा कैसे। सिराज/ईएमएस 10मई26