क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- खुले में गेहूं रखा मिलने पर केंद्र प्रभारी को नोटिस देने के निर्देश जबलपुर (ईएमएस)। गेहूं उपार्जन में किसानों को असुविधा न हो और बिचौलिये इस व्यवस्था का किसी भी तरह अनुचित लाभ न उठा सके इसे सुनिश्चित करने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर राघवेंद्र स्वयं भी खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कल गुरुवार को देर रात जबलपुर-कटंगी मार्ग पर गर्रेहा में शकुन वेयर हाउस स्थित खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया और किसानों द्वारा लाये गये गेहूं की सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं किये जाने पर केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह गुरुवार की रात लगभग 12 बजे खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण करने की सूचना मिलने मौके पर पहुंच थे। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र परिसर में कुछ गेहूं के ढेर खुले में रखे दिखाई देने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। हालांकि यह गेहूँ किसानों द्वारा विक्रय करने उपार्जन केंद्र लाया गया था। उन्होंने मौके पर ही खरीदी केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एसडीएम पाटन को दिये। इसके साथ ही कलेक्टर ने मौसम को देखते हुये किसानों से खरीदे गये गेहूँ के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिये। उन्होंने किसानों द्वारा उपार्जन केंद्र पर विक्रय करने लाए गये गेहूं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। अजय पाठक / मोनिका / 15 मई 2026 / 02.22