15-May-2026
...


खरगे ने कहा, ये संकट केंद्र सरकार की ओर से लाया गया नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलती की कीमत जनता चुकाएगी। राहुल गांधी ने भविष्य में भी तेल कीमतों में इजाफा होने की आशंका जाहिर की है। राहुल गांधी ने पोस्ट किया, गलती सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी। 3 रुपए का झटका आ चुका, बाकी वसूली किस्तों में होगी। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश की जनता को ये समझना होगा कि वर्तमान समय में वैश्विक ईंधन संकट के साथ-साथ भारत में आर्थिक संकट की बड़ी वजह केंद्र सरकार में नेतृत्व संकट, दूरदर्शी सोच का अभाव है और अक्षमता कूट-कूट कर भरी है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, ये संकट केंद्र सरकार की ओर से लाया गया संकट है, जिसका खामियाजा देश की जनता को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी पर अपनी जेब से भरना पड़ रहा है। जब डीजल के दाम बढ़ते हैं, तब पूरे देश में महंगाई का असर पड़ता है। उद्योगों से लेकर घरेलू बजट व किसानों तक सब पर बुरा असर पड़ता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुई, तब देश को बताया गया कि सब चंगा सी और कांग्रेस पार्टी के सवालों को नकारा गया। कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उल्टा अमेरिकी अनुमति और इजाजत के चलते हमारी संप्रभुता को गिरवी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार इसतरह का व्यवहार करती है कि सब सामान्य है और केंद्र सरकार का काम केवल राज्यों में चुनाव लड़ना है। अब जब संकट बढ़ रहा है, तब प्रधानमंत्री मोदी वर्क फ्रॉम होम और ईंधन बचाने का झुनझुना बजा रहे है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मोदी सरकार से पूछा, मार्च में जो रूसी तेल खरीदने का 30-दिन की छूट दी थी, जिसमें अमेरिका ने इजाजत और अनुमति जैसे अपमानजनक शब्द लिखे थे, खबरों के अनुसार अब भारत सरकार उस छूट का विस्तार चाहती है। सवाल है कि सरकार ने देश को अनुमति मांगने की स्थिति में क्यों पहुंचा दिया है? आशीष दुबे / 15 मई 2026