15-May-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन में सिविल अस्पताल जौरा की क्षय इकाई द्वारा चलाए जा रहे 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में टीबी के नए मरीजों की पहचान हेतु लगातार स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, मुरैना के नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व तथा मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. सेमिल के मार्गदर्शन में शुक्रवार को ग्राम कासपुरा एवं गुड़ा आसन में टीबी एवं एचआईवी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आरबीएसके टीम से डॉ. रचना अहिरवार, आईसीटीसी काउंसलर श्री संदीप सेंगर, सीएचओ हरिचरण त्यागी सहित एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। शिविर के दौरान सिविल अस्पताल जौरा की टीम ने गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को टीबी-एचआईवी स्क्रीनिंग शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। डॉ. रचना अहिरवार एवं काउंसलर श्री संदीप सेंगर ने उपस्थित लोगों को टीबी एवं एचआईवी संक्रमण के कारणों, लक्षणों तथा बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। टीबी के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर खखार जांच हेतु उन्हें सैंपल कंटेनर वितरित किए गए। साथ ही एक्स-रे जांच के लिए उन्हें सिविल अस्पताल जौरा आने हेतु आमंत्रित किया गया। शिविर में उपस्थित महिला एवं पुरुषों की शुगर, ब्लड प्रेशर, एचआईवी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी की गईं।