- प्रशिक्षण में कार्य विस्तार, बूथ प्रबंधन, कार्य पद्धति एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला... नर्मदापुरम(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम द्वितीय दिवस रविवार को परमशी गार्डन में चार सत्र के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण अभियान के नवम सत्र को भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी ने बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर संबोधित किया सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पारीक ने की। वहीं दसवें सत्र को मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग के अध्यक्ष पंकज जोशी ने कार्य पद्धति विषय पर संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने की। ग्यारहवे सत्र को जिला प्रभारी अलकेश आर्य ने कार्य विस्तार विषय पर संबोधित किया सत्र की अध्यक्षता रंजना मीना ने की। प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां विषय पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता नर्मदापुरम सांसद दर्शनसिंह चौधरी ने की।जिला मीडिया प्रभारी अमित महाला ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस का परमशी गार्डन में प्रातः योग एवं प्रार्थना के साथ शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास एवं प्रार्थना में सहभागिता कर अनुशासन, स्वास्थ्य एवं आत्मिक ऊर्जा का संदेश दिया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। योग सत्र के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति का संदेश भी दिया गया। सत्र को पंकज जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक संगठन एक लक्ष्य को लेकर प्रारंभ होता है। उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिये संगठन के सुचारू संचालन एवं अनुशासन बनाए रखने के लिये एक सफल कार्य पद्धति की आवश्यकता होती है। इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी अलकेश आर्य ने कहा कि कार्य विस्तार सत्ता या पद प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और सामाजिक परिवर्तन के उद्देश्य से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत अभियान के आह्वान पर जिलेभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण वर्ग में ट्रेन, बस एवं इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग कर सहभागिता की। इससे आमजन के बीच ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश गया है। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026