18-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) शहर में गहराते जल संकट के बीच पानी न मिलने और टंकी को कम भरने की शिकायत करते नगर निगम वार्ड क्रमांक 20 के गौरी नगर मेनरोड पर क्षेत्रीय पार्षद यशस्वी पटेल के साथ रहवासियों ने चक्काजाम कर निगम के अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पार्षद यशस्वी पटेल, राजू भदौरिया और युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल रहवासियों के साथ बीच सड़क पर बैठ गए, जिसके कारण वाहनों की कतार लग गई। वार्ड पार्षद पटेल ने निगम अफसरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे वार्ड में आने वाली टंकियों को पूर्ण क्षमता के साथ नहीं भरा जा रहा है, जिसके चलते पूरे वार्ड में पानी की किल्लत बढ़ गई है। टंकियों को पिछले कई दिन से मात्र 2 से 3 मीटर ही भरा जा रहा है, जबकि टंकी 5 से 6 मीटर भरना चाहिए। इसके साथ ही शाम का सप्लाय कभी रात को 12 बजे तो कभी 2 बजे किया जा रहा है। पानी को लेकर जनता परेशान हो गई है। इसलिए आज चक्काजाम करने का यह कदम उठाना पड़ा, क्योंकि निगम जलप्रदाय विभाग के अफसरों को शिकायत कर करके थक गए, मगर कोई हल नहीं निकल रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान न होने तक चक्काजाम जारी रहेगा। आनंद पुरोहित/ 18 मई 2026