19-May-2026
...


शादी की खुशियां मातम में बदली, तेज रफ्तार कंटेनर ने टेम्पो को मारी टक्कर मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दहानू के धनिवारी इलाके में बारात लेकर जा रहा एक टेम्पो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात टेम्पो बापूगांव से धनिवारी की ओर सगाई समारोह में शामिल होने जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने लंबा रास्ता बचाने के लिए वाहन को गलत दिशा में मोड़ दिया। इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर टेम्पो पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो में सवार कई लोग मौके पर ही दब गए। हादसे के समय वाहन में 50 से ज्यादा बाराती सवार थे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस परिवार में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। कई घायलों की हालत नाजुक दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने कई घायलों की हालत गंभीर बताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पालघर के सांसद हेमंत सवारा और पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया। हिदायत/ईएमएस 19मई26