राष्ट्रीय
19-May-2026


-आरोपी ने खुद को भी किया घायल, पुलिस कर रही जांच दरभंगा,(ईएमएस)। बिहार के दरभंगा में एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी। मंगलवार सुबह चंदनपट्टी में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पति ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि यह परिवार बंगाल से आकर यहां किराये के मकान में रह रहा था। आरोपी पति के बारे में बताया जा रहा है कि पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया है। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृत पत्नी की पहचान बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र के निवासी संदीप दास की पत्नी फूल कुमारी दास (30) और बच्चे ह्रदय दास (7), संध्या दास (6) और पांच साल का मासूम सोन दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आरोपी युवक चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता है। रिपोर्ट के मुताबिक मृत बच्चों के मामा ने बताया कि किसी बात को लेकर पति-पति में सुबह विवाद हुआ था। इसके बाद डंडा, रॉड आदि से पीट-पीटकर संदीप ने पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी। फिर खुद को भी घायल कर लिया। इधर पतोर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके पर एफएसएल टीम पहुंची और जांच शुरू की। मुर्गी फॉर्म में काम करने वाली सुनीता दास के मुताबिक मजदूर बिल्टू दास उर्फ संदीप दास ने पत्नी व तीनों बच्चों के साथ सुबह कमरे में बुरी तरह मारपीट की। उस समय अन्य मजदूर मुर्गियों को दाना-पानी दे रहे थे। एक बच्चे ने हल्ला सुनकर सभी मजदूरों को सूचित किया। जब सभी जुटे तो देखा कि चारों बुरी तरह घायल हैं। बिल्टू दास का भी सर फटा हुआ था। सिराज/ईएमएस 19मई26