मंडला (ईएमएस)। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड नारायणगंज की नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं CMCLDP परामर्शदाताओं द्वारा ग्राम पंचायत कुम्हा स्थित कुम्भेश्वर घाट में “बल देत नर्मदा माई रे” अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में तपती दोपहर के बीच घाट की साफ-सफाई कर पॉलीथिन, कपड़े एवं अन्य कचरे सहित लगभग ढाई क्विंटल अपशिष्ट एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के संभाग समन्वयक रवि बर्मन, जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी तथा विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वच्छता अभियान के बाद आश्रम परिसर में पौधारोपण कर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि विकासखंड नारायणगंज के पांच सेक्टरों की 25 प्रस्फुटन समितियों द्वारा आगामी 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर कलश यात्रा, जल स्रोतों का पूजन, साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। परिषद द्वारा इस संबंध में प्रत्येक ग्राम पंचायत को निर्देश पत्र भी जारी किया जा चुका है। इस दौरान नवांकुर संस्थाओं के संस्कार केंद्र, सूचना केंद्र एवं नर्सरी स्थापना संबंधी जानकारी भी साझा की गई। संभाग समन्वयक बर्मन ने आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की रूपरेखा बताते हुए नवांकुर संस्थाओं और प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की समीक्षा की। वहीं CMCLDP परामर्शदाताओं की सेक्टरवार कक्षाओं की समीक्षा कर आगामी परीक्षाओं एवं नवीन प्रवेश के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने मां नर्मदा के तटों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया। ईएमएस/ मोहने/ 20 मई 2026