- ऑनलाइन फार्मेसी और ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था के खिलाफ बंद रहीं मेडिकल दुकानें, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन मंडला (ईएमएस)। केंद्र सरकार द्वारा जारी GSR 817(E) एवं GSR 220 से संबंधित ऑनलाइन फार्मेसी और ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था के विरोध में आयोजित देशव्यापी हड़ताल का नारायणगंज दवा व्यापारी संघ ने पूर्ण समर्थन किया। ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आवाहन पर नगर के दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी मेडिकल दुकानें बंद रखीं और तहसीलदार महोदय को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी एवं ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था लागू होने से स्थानीय दवा विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि अनियंत्रित ऑनलाइन दवा विक्रय प्रणाली से दवाओं की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हड़ताल का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए अति-आवश्यक एवं आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान दवा व्यापारियों ने औषधि नियमों के पालन एवं जागरूकता पर भी जोर दिया। व्यापारियों द्वारा कुछ चिकित्सकीय क्लीनिकों एवं कॉस्मेटिक दुकानों को बिना अनुमति Panderm और Skinshine जैसी मेडिकेटेड क्रीमों का विक्रय नहीं करने तथा औषधि नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई। हड़ताल एवं ज्ञापन कार्यक्रम में रीतेश सोनी, दिनेश सोनी, कुशाग्र वास्तव, आयुष शर्मा, अनिल सिंगरोरे, निखिल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, सत्येंद्र यादव, दक्ष अग्रवाल एवं अभिषेक सिंगरोरे सहित अनेक दवा व्यापारी उपस्थित रहे। ईएमएस/ मोहने/ 20 मई 2026