- 1.30 लाख का मशरूका बरामद, एसपी ने की टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा शाजापुर (ईएमएस) । शहर की रेलवे कॉलोनी में दो महीने पहले हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में धार जिले के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की एक बाइक और सोने का मंगलसूत्र सहित कुल 1 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एएसपी घनश्याम मालवीय और एसडीओपी अजय मिश्रा के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 17-18 मई की दरमियानी रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान धार-टांडा क्षेत्र के दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने रेलवे कॉलोनी में चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अविन उर्फ अरविंद अलावा 20 वर्ष पिता बहादुर सिंह अलावा निवासी ग्राम गदरावद और रवि 22 पिता जवर सिंह मावड़ा निवासी ग्राम काकंडकुआ दोनों तहसील कुक्षी, जिला धार के रूप में हुई है। सूने मकानों को बनाया था निशाना आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 27 मार्च को रेलवे कॉलोनी निवासी महेंद्र आर्य और महेश कुमार चौधरी के सूने मकानों को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई और चुराई गई हीरो होंडा स्प्लेंडर तथा फरियादी महेश चौधरी के घर से चोरी गया सोने का मंगलसूत्र आरोपियों से बरामद किया है। टीम की इस सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। ईएमएस / 20/05/2026