क्षेत्रीय
20-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस) । जिले की गुलाना तहसील के ग्राम पिपलोदा इस्माईल में शासकीय भूमि पर कथित तौर पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और पूर्व में शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम पिपलोदा (ई.) में सर्वे नंबर 701 की शासकीय भूमि मुख्य सड़क से लगी हुई है। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में गांव के ही प्रह्लाद सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस जमीन के एक हिस्से पर कथित तौर पर उनके द्वारा पहले ही मकान बना लिया गया है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अब शेष बची हुई जमीन पर भी मुरम डालकर तार फेंसिंग कर ली गई है। शिकायत में बताया गया है कि तार फेंसिंग के कारण रास्ते पर लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का दावा- पूर्व में भी कर चुके हैं शिकायत शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस कथित अवैध कब्जे के संबंध में पूर्व में भी कई बार शाजापुर जिला मुख्यालय और तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और पंचगणों की सहमति का हवाला देते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त भूमि की जांच कर वहां से कथित अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही आग्रह किया है कि अतिक्रमण मुक्त होने के बाद उस शासकीय भूमि को संत सिंगाजी महाराज के मंदिर निर्माण के लिए आवंटित किया जाए। ईएमएस / 20/05/2026