क्षेत्रीय
20-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। पहली बार इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट स्कोरिंग मशीन और स्पूल सिस्टम के साथ आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित इंदौर फॉइल चैलेंज 2026 प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु शहर की उभरती हुई फेंसिंग खिलाड़ी यमाना मलिक का चयन किया गया है। यमाना के चयन से खेल जगत एवं फेंसिंग प्रेमियों में खुशी का माहौल है। चोइथराम इंटरनेशनल (आई बी) स्कूल में अध्ययनरत यमाना मलिक ने कम समय में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर फेंसिंग खेल में विशेष पहचान बनाई है। इससे पूर्व आयोजित इंटर स्कूल ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने रजत पदक अर्जित किया था। उनकी तकनीक, गति और आत्मविश्वास को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें फॉइल चैलेंज 2026 के लिए चुना है। यमाना इन दिनों प्रतियोगिता की तैयारी में पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटी हुई हैं। नियमित अभ्यास, फिटनेस ट्रेनिंग और तकनीकी सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका लक्ष्य इस बार अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना है। यमाना मलिक प्रसिद्ध फेंसिंग कोच मास्टर सईद आलम के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं, वहीं एनआईएस कोच सुमित्रा चंद्रवंशी द्वारा उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दोनों प्रशिक्षकों के निर्देशन में यमाना लगातार अपने खेल में निखार ला रही हैं। इन्दौर फेंसिंग स्पोट्र्स डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि फॉइल चैलेंज 2026 में शहर एवं आसपास के विभिन्न स्कूलों और क्लबों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे। ईएमएस/ मोहने/20 मई 2026