यातायात सुधार, पार्किंग व्यवस्था एवं जंक्शन डिज़ाइन के लिए मैनिट भोपाल की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण कटनी (ईएमएस)। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में शहर हेतु व्यापक परिवहन योजना तैयार करने का कार्य मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान मैनिट भोपाल के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है। नगर निगम के ट्रांसपोर्ट अधिकारी योगेश पवार ने बताया कि इस संबंध में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में बुधवार 20 मई 2026 को नगर पालिक निगम कटनी में मैनिट भोपाल के ट्रैफिक विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शहर के प्रमुख यातायात बिंदुओं, पार्किंग व्यवस्था, सिटी बस रूट, सड़क सुरक्षा एवं जंक्शन डिज़ाइन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में मैनिट भोपाल से ट्रैफिक विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. राहुल तिवारी एवं प्रोफेसर डॉ. अनुज जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम कटनी की ओर से कार्यपालन यंत्री श्री अजित खरे, यातायात प्रभारी श्री अनूप सिंह ठाकुर, सहायक यंत्री श्री सुनील सिंह, परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी तथा अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न स्थानों का निरीक्षण बैठक उपरांत विशेषज्ञ टीम द्वारा शहर के प्रमुख यातायात जंक्शनों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जगन्नाथ चौक, आदर्श कॉलोनी मोड़, घंटाघर, गर्ग चौराहा, झंडा बाजार, सराफा बाजार, सुभाष चौक, मुड़वारा रेलवे स्टेशन, मेन रेलवे स्टेशन तिराहा, बरही रोड, सुधार मार्ग, मुख्य बाजार मार्ग तथा अहिंसा चौक सहित विभिन्न स्थानों का अवलोकन किया जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। विशेषज्ञों द्वारा शहर में यातायात दबाव, पार्किंग की स्थिति, सड़क चौड़ीकरण की संभावनाओं एवं ट्रैफिक मूवमेंट का अध्ययन करते हुए आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही प्रमुख चौराहों के डिजाइन, ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था, पार्किंग ज़ोन निर्धारण तथा यातायात संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने हेतु प्रारंभिक कार्य योजना तैयार की गई। यातायात व्यवस्था को मिलेगा आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप मैनिट भोपाल की टीम द्वारा तैयार किया जाने वाला यह व्यापक मोबिलिटी प्लान भविष्य में कटनी शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। योजना के अंतर्गत शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने, सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न दीर्घकालिक सुझाव शामिल किए जाएंगे।