नारायण हृदयालय में हुआ ऑपरेशन, अब स्वास्थ्य लाभ कर रहा है अयांश बालाघाट (ईएमएस). जिले के चार माह के मासूम अयांश मसराम के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गंभीर हृदय रोग से पीडि़त अयांश को मध्यप्रदेश शासन की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए मुंबई भेजा गया था, जहां मुंबई स्थित नारायण हृदयालय अस्पताल में सोमवार 18 मई को उसकी सफल हृदय सर्जरी कर दी गई। वर्तमान में अयांश डॉक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ कर रहा है। गौरतलब है कि कटंगी विकासखंड के ग्राम देवरी बुजुर्ग निवासी अयांश मसराम को गंभीर हृदय बीमारी होने पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालय बालाघाट में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में चिन्हित किया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा तत्काल सर्जरी की आवश्यकता बताए जाने पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर संचालित पीएम श्री एयर एम्बुलेंस योजना के तहत उसे 14 मई को एयरलिफ्ट कर मुंबई भेजा था। मुंबई के नारायण हृदयालय अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सोमवार को सफल ऑपरेशन किया। सर्जरी सफल होने की सूचना मिलते ही अयांश के परिजनों ने राहत की सांस ली और मध्यप्रदेश शासन तथा बालाघाट जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इतने बड़े अस्पताल में इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं था, लेकिन शासन की संवेदनशील योजनाओं और प्रशासन की तत्परता से उनके बच्चे को नया जीवन मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहायता उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अयांश की स्थिति अब पहले से बेहतर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका स्वास्थ्य तेजी से सुधर रहा है।