जिले में पेट्रोल 112.21 और डीजल 97.42 रुपए प्रति लीटर बालाघाट (ईएमएस). जिले में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन परेशान है। मंगलवार को एक बार फिर ईंधन के दाम बढ़ गए, जिससे चार दिनों में कुल 90 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब जिले में पेट्रोल 112.21 रुपए और डीजल 97.42 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। पिछले चार दिनों के भीतर यह दूसरी बार कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले पेट्रोल 108.03 रुपए और डीजल 93.43 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था। इस तरह कुल मिलाकर ईंधन के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। ईंधन महंगा होने से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि ईधन के महंगा होने से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार पर ज्यादा बोझ पड़ेगा। उनकी बचत पर सीधा असर पड़ेगा और घरेलू खर्च बढ़ेगा। महंगाई बढऩे की आशंका पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि मालभाड़ा बढऩे से बाजार में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं। जिसके कारण महंगाई बढ़ती है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार जैसे-तैसे अपना जीवन-यापन कर रहा है। वहीं दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई ने उनकी कमर तोड़ दी है। महंगाई का सीधा असर आम आदमी के मासिक बजट पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है, जिससे आमजन की मुश्किलें और बढ़ेंगी।