क्षेत्रीय
20-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले के हट्टा थाना क्षेत्र में मोहगांव खुर्द के उपसरपंच एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन पारधी पर देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल पवन पारधी ने बताया कि हमला पुरानी रंजिश और रेत के अवैध कारोबार की शिकायतों से जुड़ा हो सकता है। उनके अनुसार करीब छह माह पूर्व माइनिंग विभाग ने एक रेत डंप पकड़ा था, जिसका शक उमेश उर्फ गुड्डु पारधी उन पर कर रहा था। इसके अलावा हाल ही में सडक़ निर्माण में खराब रेत के इस्तेमाल की शिकायत को लेकर भी विवाद चल रहा था। पवन पारधी ने बताया कि उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने हट्टा थाने में की थी। उनका आरोप है कि उमेश पारधी के इशारे पर उसके भांजे तपेश रिनायत और साथियों ने उन पर हमला किया। भानेश साकुरे / 20 मई 2026