बालाघाट (ईएमएस). जिले के गोंगलई में आयोजित एनसीसी के 97वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं एवं कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। दस दिवसीय शिविर में प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में प्रतिदिन प्रात:काल कैडेटों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए पीटी एवं योगाभ्यास कराया गया। इसके बाद एनसीसी की प्रमुख गतिविधियों में शामिल ड्रिल प्रैक्टिस एवं नियमित कक्षाओं का संचालन किया गया। सांयकालीन विशेष व्याख्यान सत्र में विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम से गौतम सिंह मरकाम एवं जितेन्द्र मोहन धुर्वे ने कैडेटों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, दिव्यांगजन तथा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शासन द्वारा निशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह प्रदान की जाती है। व्याख्यान में लोक अदालत, विधिक जागरूकता अभियान, पीडि़त प्रतिकर योजना तथा मध्यस्थता जैसी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रत्येक जिले के जिला न्यायालय परिसर में संचालित होता है। शिविर में खेलकूद गतिविधियों के अंतर्गत रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। द्वितीय एनसीसी अधिकारी विश्वेश्वर रंगारे एवं नवीता मैथ्यू की उपस्थिति में आयोजित प्रतियोगिता में अल्फा एवं चार्ली कंपनी के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें चार्ली कंपनी विजेता रही। कार्यक्रम के दौरान अन्य एनसीसी अधिकारी, हवलदार रामदेव एवं निमा संगी तमांग भी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 20 मई 2026