क्षेत्रीय
22-May-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत जबलपुर जिले में कृषि जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी सातों विकासखंडों में ‘कृषि रथ’गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक और उन्नत खेती के तौर-तरीके सिखा रहे हैं। बरगी क्षेत्र के ग्राम रेंगाझोरी, सालीवाड़ा और सुकरी मंगेला में इस रथ यात्रा का भव्य आयोजन हुआ, जहां किसानों को खेती की नई तकनीकों के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सांसद श्री दुबे और विधायक श्री सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ ... बरगी क्षेत्र में कृषि रथ यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद आशीष दुबे और बरगी विधायक नीरज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सांसद श्री दुबे ने किसानों से आव्हान किया कि वे उर्वरक प्राप्त करने सरकार द्वारा शुरू की गई ई-टोकन प्रणाली का उपयोग करें, जिससे व्यवस्थाएं सुगम बनी रहें। उन्होंने खेतों में रासायनिक खाद के अंधाधुंध उपयोग से बचने और संतुलित उर्वरक इस्तेमाल करने की सलाह दी। सांसद ने नरवाई (फसल अवशेष) न जलाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि मिट्टी की नमी और पोषक तत्व भी बने रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान बरगी विधायक श्री नीरज सिंह ने किसानों को जल संवर्धन का महत्व समझाया। उन्होंने किसानों को अपने खेतों और आसपास के क्षेत्रों में तालाब, टैंक, चेक डैम और सोकपिट जैसी जल संरचनाएं बनाने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वर्षा जल संचयन से क्षेत्र का भूजल स्तर ऊपर उठ सके। विधायक श्री सिंह ने कृषकों से कृषि रथ के माध्यम से प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन और खेती में अपनाने की अपील की। इस दौरान वरिष्ठ कृषि अधिकारी रश्मि परसाई, पुरुषोत्तम प्रजापति, सोनम जैन और एस एस मेहरा ने किसानों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से तकनीकी जानकारी दी और रथ में लगी प्रदर्शनी के माध्यम से आधुनिक कृषि पद्धतियों के बारे में अवगत कराया। सुनील साहू / मोनिका / 22 मई 2026