क्षेत्रीय
23-May-2026
...


पटना, (ईएमएस)। पटना से सटे मोकामा के मोलदियार टोला इलाके में शनिवार अहले सुबह अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान अरविंद सिंह के पुत्र कारू उर्फ निकेत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निकेत कुमार हाल ही में दिल्ली से अपने घर मोकामा लौटा था। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे अचानक इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वहां निकेत कुमार खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत मोकामा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी की घटना आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है। चर्चा है कि कुछ युवकों के बीच सूखे नशे के सेवन के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया और गोलीबारी हुई। हालांकि पुलिस ने अभी तक विवाद की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। इसके साथ ही संदिग्ध युवकों की तलाश में लगातार छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घायल युवक के बयान का इंतजार कर रही है। माना जा रहा है कि निकेत कुमार के होश में आने के बाद घटना से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला केवल आपसी विवाद का है या इसके पीछे पुरानी रंजिश भी शामिल है। - २३ मई/२०२६/ईएमएस