_गुना (ईएमएस)। जिले की कुंभराज तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेजरा रामा में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक प्रताड़ना और विवाद से तंग आकर एक 23 वर्षीय विवाहिता गांव के ही ऊंचे मोबाइल टावर पर जा बैठी। महिला को लगभग 70 फीट की ऊंचाई पर देख पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद करीब तीन घंटे तक मौके पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर दौड़े प्रशासनिक और पुलिस अमले को महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। मिली जानकारी के मुताबिक, खेजरा रामा की रहने वाली निकिता (23) का विवाह करीब तीन साल पहले कुलदीप मीना के साथ हुआ था। पिछले कुछ समय से निकिता का अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ गंभीर विवाद चल रहा था। इसी घरेलू अनबन और मानसिक तनाव के कारण वह आत्मघाती कदम उठाने के इरादे से गुरुवार तड़के करीब 5 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह जब ग्रामीणों की नजर इतनी ऊंचाई पर बैठी महिला पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाया और तुरंत पुलिस-प्रशासन को इस जानलेवा कदम की इत्तला दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुंभराज तहसीलदार कमल मंडेलिया, थाना प्रभारी पंकज त्यागी और पटवारी प्रवीण सिंह राणा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद और एम्बुलेंस सहित डॉक्टरों की टीम को भी बुला लिया गया। महिला अत्यधिक आक्रोश में थी, इसलिए पुलिस ने बल प्रयोग करने के बजाय लाउडस्पीकर से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने निकिता को ढांढस बंधाते हुए कहा कि उसकी हर पीड़ा सुनी जाएगी और कानून के दायरे में उसे पूरा न्याय दिलाया जाएगा। प्रशासन के इस संवेदनशील रवैए और ठोस आश्वासन के बाद निकिता का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आई। महिला के सकुशल जमीन पर आते ही अधिकारियों और वहां जमा सैकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही महिला का मेडिकल चेकअप किया। फिलहाल पुलिस इस पूरे पारिवारिक विवाद की जांच कर रही है।- सीताराम नाटानी_