खेल
30-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हार्दिक पांड्या की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम की हार के बाद उनका अपना प्रदर्शन भी उम्मीद के अनुरुप नहीं रहा है। ऐसे में एक रिपोर्ट के अनुसार आने वाले सत्र में मुम्बई टीम उन्हें शायद ही रिटेन करे। इस सत्र में मुम्बई केवल चार मैच जीतकर 8 अंक हासिल करने में सफल रही है। इससे टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रहे। पिछले सत्र में भी उनकी कप्तानी में टीम असफल रही थी। ऐसे में मुंबई इंडियंस अब अगले सत्र के लिए बड़े बदलाव कर सकती है। इसके तहत कप्तान सहित कई स्टार खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई इंडियंस के करीबी सूत्रों का भी मानना है कि हार्दिक से कप्तानी छीनी जा सकती है। टीम में उनकी केवल एक खिलाड़ी के रूप में भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है। टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ इस असफलता के बाद गहन विचार विमर्श के दौर से गुजर रहा है। मुंबई इंडियंस के आखिरी लीग मैच के बाद हुई कोचिंग स्टाफ की बैठक में भी सीनियर खिलाड़ियों से साफ कह दिया गया कि उन्हें मैदान पर दिए गए कोचिंग निर्देशों और डेटा-आधारित रणनीतियों का पालन करना चाहिए। कई बार खिलाड़ियों ने कोचिंग स्टाफ के सुझावों को नजरअंदाज किया, जिससे टीम को नुकसान हुआ है। टीम की परेशानी केवल कप्तानी तक सीमित नहीं है। टीम इस आईपीएल में पावरप्ले का भी टीम सही इस्तेमाल नहीं कर पाई, जैसा कि प्लेऑफ में पहुंची कई सफल टीमों ने किया। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों ने अपने टॉप ऑर्डर से लगातार 10 रन प्रति ओवर से अधिक बनाकर टी20 बल्लेबाजी को एक नई परिभाषा दी, लेकिन मुंबई इंडियंस ऐसा नहीं कर पायी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस ने भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाजों को वरीयत दी, जबकि मुंबई के स्टार खिलाड़ी नाकाम रहे। टीम का प्रदर्शन कितन कमजोर रहा उसका अंदाजा इसी से होता है कि इस सत्र में मुम्बई का कोई भी खिलाड़ी ऑरेंज या पर्पल कैप की दौड़ में शीर्ष पर जगह नहीं बना पाया। टीम के सफल बल्लेबाज, रयान रिकेल्टन, रन बनाने वालों की सूची में 17वें स्थान पर रहे, जबकि लेग स्पिनर गजनफर विकेट लेने वालों में 14वें स्थान पर रहे। इसी कारण टीम कई मैच विजेता खिलाड़ियों के होने के बाद भी असफल रही जिसके बाद टीम के पास बदलाव के अलावा कोई विकल्प नहीं है। गिरजा/ईएमएस 30 मई 2026