राष्ट्रीय
30-May-2026


- सरकारी काम के एवज में डॉ. शर्मा पर घूस मांगने का आरोप मेरठ (ईएमएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार देर रात मेरठ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य और भाजपा नेता डॉ. सतीश चंद्र शर्मा को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत पर की गई, जिसने सरकारी काम के एवज में डॉ. शर्मा पर घूस मांगने का आरोप लगाया था। सूत्रों के अनुसार डॉ. शर्मा ने किसी सरकारी कार्य के लिए ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी जानकारी सीबीआई को दी, जिसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही ठेकेदार ने रिश्वत की रकम डॉ. शर्मा को सौंपी, मौके पर मौजूद सीबीआई की टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के तत्काल बाद सीबीआई टीम ने मेरठ के अंसल कॉलोनी स्थित डॉ. शर्मा के आवास और पल्लवपुरम के अंसल टाउन स्थित अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। देर रात तक चली इस छानबीन में महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला गया और गहन पूछताछ की गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. शर्मा के बेटे को भी हिरासत में लेने की सूचना है, हालांकि सीबीआई ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सीबीआई की टीम फिलहाल मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल संभावित अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। सतीश मोरे/30मई ---