विजयपुरा,(ईएमएस)। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में जमीन विवाद को लेकर भड़की भीषण हिंसा ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जिले के चडाचन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोविंदपुरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 6 लोगों की धारदार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वीभत्स हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। सामूहिक हत्याकांड की इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में भारी तनाव का माहौल व्याप्त है और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह खूनी वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच अंजाम दी गई। मृतकों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई है। वहीं, इस हमले में अरविंद कटागे (72) और जेसीबी ऑपरेटर संदीप माने (33) गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए विजयपुरा शहर के एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस भीषण हत्याकांड की मुख्य वजह 25 एकड़ जमीन को लेकर पिछले कई वर्षों से चल रहा पुराना विवाद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निराले परिवार ने हाल ही में नीवरगी के तेली परिवार से यह विवादित जमीन खरीदी थी। यह जमीन पिछले करीब 15 वर्षों से कानूनी और सामाजिक विवादों में घिरी हुई थी, जिसके कारण तेली परिवार इस पर लंबे समय से खेती नहीं कर पा रहा था। जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच चली आ रही इसी पुरानी दुश्मनी ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस को अंदेशा है कि इस विवाद के तार वर्ष 2015 में हुई शिवानंद पाटिल नामक युवक की हत्या के मामले से भी जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि जब निराले परिवार के सदस्य हाल ही में खरीदी गई इस जमीन पर अपना कब्जा लेने पहुंचे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर हंसिया और अन्य घातक धारदार हथियारों से अचानक हमला बोल दिया। हमला इतना अचानक और भयावह था कि छह लोगों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने वारदात के दौरान गोलीबारी होने की आशंका भी जताई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि शवों पर गोली लगने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों और हथियारों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/30मई 2026