व्यापार
30-May-2026


- नए नियम 1 जुलाई 2026 से प्रभावी नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने फोनपे एसबीआई कार्ड सेलेक्ट ब्लैक क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। बैंक ने इस कार्ड से जुड़े रिवॉर्ड पॉइंट्स प्रोग्राम के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं, जो 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होंगे। इन संशोधनों से कार्डधारकों को मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स में कमी आएगी। अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन शॉपिंग पर मिलने वाले 5 फीसदी रिवॉर्ड पॉइंट्स की मासिक सीमा 2,000 से घटाकर 1,000 कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, टोल, ज्वेलरी, स्कूल/कॉलेज फीस, गिफ्ट्स और फोनपे ऐप के बाहर किए गए यूटिलिटी, इंश्योरेंस या यूपीआई ट्रांजैक्शन पर अब कोई रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं दिए जाएंगे। फोनपे ऐप के जरिए यूटिलिटी, रिचार्ज या इंश्योरेंस पर कुल 2,000 रिवॉर्ड पॉइंट्स की मौजूदा लिमिट को भी विभाजित कर दिया गया है; अब इंश्योरेंस पर अधिकतम 500 और अन्य कैटेगरी पर अधिकतम 1,500 पॉइंट्स ही मिलेंगे। हालांकि, सामान्य खर्चों पर 1 फीसदी रिवॉर्ड पॉइंट्स, फ्यूल सरचार्ज वेवर, डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस (साल में 4 बार) और प्रायोरिटी पास मेंबरशिप जैसी सुविधाएं पहले की तरह ही मिलती रहेंगी। इस कार्ड की वार्षिक और रिन्यूअल फीस 1,499 रुपए है। सतीश मोरे/30मई ---