6 जुआरी दबोचे और 8 फरार, 40 हजार रुपये की नगदी जब्त _गुना (ईएमएस)।| जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी जंजाली पुलिस ने सावतखेड़ी गांव के पीछे नाले के पास चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगाते हुए 6 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि 8 अन्य जुआरी पुलिस को देखकर अंधेरे और झाडिय़ों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों की गड्डी सहित कुल 40,000 रुपये की भारी-भरकम नगदी जब्त की है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सावतखेड़ी गांव के पीछे पेड़ के नीचे कुछ लोग बड़े पैमाने पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और नाले व झाडिय़ों की ओट से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के फड़ और पास की तलाशी लेने पर कुल 40 हजार रुपये बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में रमेश कुशवाह निवासी सुआखेड़ी के फड़ से 1800 व पास से 2500 रुपये, धनराज यादव निवासी पुरानी रुठियाई के फड़ से 2000 व पास से 1500 रुपये, मुकेश बंजारा निवासी बरवटपुरा के फड़ से 3000 व पास से 3800 रुपये, अभिषेक यादव निवासी रामनगर के फड़ से 2000 व पास से 2500 रुपये, सोहिल खान निवासी राघौगढ़ के फड़ से 6000 व पास से 7000 रुपये तथा हरिसिंह यादव निवासी सावतखेड़ी के फड़ से 4500 व पास से 3400 रुपये नगद मिले। पुलिस कार्रवाई के दौरान गोलू यादव, बनवारी यादव, सोनू अहिरवार, माखन अहिरवार, मेघराज यादव, रमन लोधा, शम्भू बंजारा और राजन यादव मौके से भाग निकले। पुलिस ने सभी पर धारा 13 जुआ एक्ट एवं 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सीताराम नाटानी