31-May-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटन्स को 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया। अब खिताब बचाने उतरी आरसीबी के सामने लगातार दूसरे आईपीएल खिताब के लिए 156 रन का लक्ष्य है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला आरसीबी के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट झटकते रहे। गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल केवल 10 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने। इसके बाद साई सुदर्शन भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों से उबरने की कोशिश कर रही गुजरात को तीसरा झटका निशांत सिंधु के रूप में लगा, जिन्होंने 20 रन बनाए। मध्यक्रम में जोस बटलर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अरशद खान ने 6 गेंदों में 15 रन की तेज पारी खेलकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए। राहुल तेवतिया 7 रन और जेसन होल्डर भी 7 रन बनाकर चलते बने। अंत में राशिद खान ने 7 रन का योगदान दिया। एक छोर संभालते हुए वॉशिंगटन सुंदर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और नाबाद 50 रन बनाकर गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पारी की बदौलत गुजरात की टीम 155 रन तक पहुंच सकी। आरसीबी की गेंदबाजी की बात करें तो रसिख सलाम डार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए। क्रुणाल पंड्या को भी एक सफलता मिली। दोनों टीमें दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने के इरादे से मैदान पर उतरी हैं। गुजरात टाइटन्स ने 2022 में अपना पहला खिताब जीता था, जबकि आरसीबी ने पिछले सीजन ट्रॉफी का लंबा इंतजार खत्म करते हुए पहली बार आईपीएल का ताज अपने नाम किया था। अब मुकाबला पूरी तरह आरसीबी के बल्लेबाजों के हाथ में है, जिन्हें लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए 156 रन बनाने हैं।