01-Jun-2026
...


चंडीगढ़ ((ईएमएस)। चंडीगढ़ प्रीमियर लीग का चौथा संस्करण 8 जून से 26 जून 2026 तक पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खेला जाएगा। चंडीगढ़ यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के अनुसार इसमें क्रिकेट प्रेमियों को अगले 18 दिनों तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिेलेंगे। इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। लीग चरण में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद दो सेमीफाइनल और एक फाइनल सहित कुल तीन नॉकआउट मैच होंगे, जो प्रतियोगिता के अंतिम चरण को और भी रोमांचक बनाएंगे। सभी मैच भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार फ्लडलाइट्स की तेज रोशनी में खेले जाएंगे, जिससे मुकाबलों का आकर्षण और भी बढ़ जाएगा। इस लीग में निरंतरता बनी हुई है, जहां पिछली बार की तीन फ्रेंचाइजियां इस सत्र में भी अपनी जगह बनाए रखी हैं, जबकि क्रिकेट प्रेमियों को तीन नई टीमों को देखने का भी मौका मिलेगा, जिससे प्रतियोगिता और भी दिलचस्प होगी। प्रतिदिन दो रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पहला मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जिससे दर्शकों को पूरे दिन क्रिकेट का आनंद लेने का मौका मिलेगा। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ्लडलाइट्स और खिलाड़ियों तथा दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि हर मैच एक यादगार अनुभव बन सके। लीग के दौरान एक विशेष निगरानी क्षेत्र होगा, और पूरे टूर्नामेंट की व्यवस्थाओं की निगरानी बीसीसीआई अधिकारियों द्वारा की जाएगी, जिससे खेल की निष्पक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। इस लीग के लिए सभी छह टीमों के कप्तान और कोच की भी घोषणा की गई है। इसमें हिम्स हॉक्स की कमान मनन वोहरा संभालेंगे और टीम के कोच रविकांत शर्मा होंगे; मौजूदा चैंपियन चंडीगढ़ किंग्स की अगुवाई एक बार फिर शिवम भांबरी करेंगे, जबकि राजीव नैय्यर टीम के मुख्य कोच होंगे; कैपिटल स्ट्राइकर्स का नेतृत्व अर्जुन आजाद करेंगे और हरी कृष्ण उनके मुख्य कोच के रूप में कार्य करेंगे; ट्राइसिटी बैशर्स के कप्तान देवांग कौशिक होंगे, वहीं धर्मेंद्र राज टीम के कोच की भूमिका निभाएंगे; रॉक गार्डन वॉरियर्स के लिए दीपेंद्र कुश कप्तानी करेंगे और विनीत जैन उनके कोच होंगे; और रॉयल टाइटंस की कप्तानी मोहित सोनी करेंगे, जबकि सुरिंदर सिंह टीम के कोच होंगे। गिरजा/ईएमएस 01 जून 2026