क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पति की मौत के बाद अकेली रह रही एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर अलग-अलग समय पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, उसके पति का निधन करीब 10 वर्ष पहले हो गया था। इस दौरान उसके दोनों देवरों ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि उसने पहले भी शिकायत करने का प्रयास किया था, लेकिन परिस्थितियों के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि महिला ने पूर्व में आवेदन दिया था, लेकिन बाद में वह करीब एक वर्ष तक जिले से बाहर रही। संपर्क के लिए दिया गया मोबाइल नंबर भी बंद या गलत पाया गया। महिला के लौटने के बाद उसकी शिकायत पर दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। चूंकि दोनों घटनाएं अलग-अलग समय और अलग-अलग आरोपियों से जुड़ी हैं, इसलिए अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01 जून 2026

खबरें और भी हैं