क्षेत्रीय
01-Jun-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिस की नजरों से बचने के लिए बेहद शातिराना तरीके से शराब को सेंट्रिंग की लकड़ियों और रेत के नीचे छिपाकर बेच रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोहद्रा बाई नरेटी, निवासी मुक्तिधाम पारा, चारामा, अपने घर के पास अवैध रूप से शराब का कारोबार कर रही है। सूचना के अनुसार महिला ने शराब की बोतलों को सेंट्रिंग की लकड़ियों के नीचे रेत में दबाकर रखा था और वहीं से ग्राहकों को बेच रही थी। सूचना के आधार पर चारामा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को रेत के नीचे छिपाकर रखी गई 42 बोतल देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3,360 रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के पास से शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। पूछताछ में महिला कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। चारामा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)01 जून 2026