कांकेर(ईएमएस)। जिले की नरहरपुर पुलिस ने किसानों को लंबे समय से परेशान कर रहे सोलर उपकरण चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख 60 हजार रुपए से अधिक मूल्य के चोरी के सोलर पंप, सोलर पैनल, स्टार्टर, केबल वायर और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पिछले 6 से 8 महीनों के दौरान नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में किसानों के खेतों से सोलर पैनल, सोलर पंप, स्टार्टर और केबल वायर लगातार चोरी हो रहे थे। इन घटनाओं से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस की जांच ग्राम बागडोंगरी निवासी जगदीश बंजारा और ग्राम जामगांव निवासी परमेश्वर राठौर तक पहुंची। दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने साथी मंहगू मरकाम के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सोलर उपकरणों को निशाना बनाते थे और चोरी के बाद सामान को टाटा एस वाहन में भरकर पड़ोसी राज्य ओडिशा ले जाकर बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 60 सोलर पैनल, 7 सोलर फ्रेम सेट, 14 सोलर पंप, 14 स्टार्टर और बड़ी मात्रा में केबल वायर बरामद किया। बरामद सोलर उपकरणों की कीमत लगभग 25 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन (CG 19 BW 0434), कटर मशीन और टूल किट भी जब्त की है। वाहन और अन्य उपकरणों की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 32 लाख 60 हजार रुपए से अधिक है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीश बंजारा (38 वर्ष), परमेश्वर राठौर (27 वर्ष) और मंहगू मरकाम (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा थाना क्षेत्रों में इन आरोपियों के खिलाफ कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। साक्ष्य और पूछताछ में अपराध साबित होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसानों की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही संपत्ति संबंधी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को जिले में सोलर उपकरण चोरी के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)01 जून 2026