जबलपुर (ईएमएस)। जनसुरक्षा में त्याग और जांबाजी की मिसाल पेश करने वाले पुलिस अधिकारियों को सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ द्वारा के. एक. रत्नमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शहर में आयोजित गौरव समारोह में पुरस्कृत अधिकारियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्रम् भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में संघ के सचिव अशोक तिवारी ने कहा, तमाम बाधाओं और संकटों में सबसे आगे बढ़कर जनता की सुरक्षा और अमन-चैन के लिए प्राणों की परवाह किए बगैर समाज के दुश्मनों का सफाया करने वाले साथी अधिकारियों का सम्मान गौरव की बात है। हर अधिकारी ने कहा कि मानो यह सम्मान उसे ही मिला है। यह पुलिस विभाग के लिए एक मिसाल है। इस अवसर पर राजेश तिवारी, रवींद्र गौतम, प्रकाश शुक्ला, श्री बंटेल, श्री बड़गैया, अनिल वर्मा, जयंत टेम्भरे और अशोक पांडे समेत कई अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर भावुक हुए सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी वी. के. सिंह ने अपने मार्मिक विचार साझा किए। समारोह के द्वितीय चरण में पुलिस अधिकारियों ने गुमशुदा गीत की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में रमेश तिवारी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संघ के आह्वान पर सैकड़ों अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 03 जून 2026/ 01.10