- जबलपुर मुख्य रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर हादसा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रीवा से जबलपुर आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरने की जल्दी में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया फलस्वरुप युवक के पैर कट गए । प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहडोल निवासी 30 वर्षीय हरिओम, पिता रविशंकर, गाड़ी संख्या 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन से यात्रा कर जबलपुर पहुंचा। सुबह लगभग 11बजे के आसपास जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 3 पर आकर रुकी, तब युवक नीचे उतरने का प्रयास कर रहा था कि इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पटरियों की तरफ चला गया। इस दुर्घटना में युवक के पैर कट गए। घटना के तत्काल बाद मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि रीवा इंटरसिटी जैसे ही अपने निर्धारित समय पर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर आकर रुकने को थी कि यात्रियों में उतरने की जल्दबाजी में युवक हरिओम भी अपना सामान लेकर कोच के दरवाजे तक पहुंचे और नीचे पैर रखा कि अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर पायदान से फिसल गया और वह सीधे नीचे गिर गए। ट्रेन की गति और भारी लोहे के पहियों की चपेट में आने से उसके पैर पूरी तरह कट गए। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। आवाज सुनते ही प्लेटफार्म पर गश्त कर रही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर दौड़ पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए खून से लथपथ तड़प रहे युवक को पटरियों के पास से बाहर निकाला। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मामले से स्टेशन प्रबंधन को सूचित किया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था में जुट गए। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए रेलवे पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। इसके बाद जवानों ने घायल हरिओम को प्लेटफार्म से बाहर लाकर एंबुलेंस में शिफ्ट किया। इसके बाद उसे मेडीकल चिकित्सालय के लिए रवाना किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 03 जून 2026/ 02.09