क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- सिहोरा के वार्ड 10 का मामला जबलपुर (ईएमएस)। जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर सिहोरा के वार्ड 10 में बुधवार को पूर्वान्ह एक महिला अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर समीप ही मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और काफी देर की मशक्कत के बाद महिला को समझाकर नीचे उतारने में सफल हो सका। इस संबंध में पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिहोरा के वार्ड 10 में रहने वाली 30 वर्षीय सोनम मल्लाह बुधवार को पूर्वान्ह वार्ड में ही लगे मोबाइल टावर पर अचानक चढ़ गई। बताया जाता है कि इसके बाद आसपास के लोगों ने देखा तो उसे नीचे उतरने कहा। टावर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद महिला नीचे उतरने से इंकार करने लगी और स्थानीय लोगों को कूदने की धमकी देने लगी। महिला की इस हरकत को देखने मौके पर भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस दल मौके पर जा पहुंचा। सिहोरा थाना पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए। पुलिस अधिकारी लगातार महिला से बातचीत कर उसकी नाराजगी व परेशानी का कारण जानने की कोशिश में जुट गए। पुलिस के मुताबिक महिला का आरोप है कि‎ उसकी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और इसकी शिकायत लगातार लंबे समय से किए जाने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिल सका लिहाजा अपनी जमीन वापस पाने उसने यह रास्ता अपनाया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने महिला की समस्या सुनकर उचित जांच कर कार्यवाही कर आश्वासन दिया । इसके बावजूद काफी देर तक मौके पर हंगामा मचा रहा। बहुत देर तक की समझाइश के बाद महिला को दोपहर में नीचे उतारा जा सका। ...../ ईएमएस / 03 जून 2026