क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- नादिया तिराहे पर दरमियानी रात हादसा जबलपुर (ईएमएस)। संभाग के मंडला जिलांतर्गत नादिया तिराहे पर मंगलवार- बुधवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक बिजली का खंभा तोड़ते हुए वाहन सहित भाग निकला। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की पड़ताल शुरु कर दी है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटर साइकिल पर सवार तीन लोगों को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नांदिया निवासी 42 वर्षीय उमेश सिंगोर, नांदिया निवासी 36 वर्षीय भुवन लाल सिंगोर तथा पेटेगांव निवासी 50 वर्षीय मुन्ना भांवरे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शवों को संबंधित परिजनों को सौंप दिया गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार हीरा लाल तिवारी ने बताया कि, नांदिया तिराहा के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने मोटर साइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई है। जिनकी पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया था। वहीं टक्कर के बाद से फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पतासाजी की जा रही है। ....../ ईएमएस / 03 जून 2026