कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्यवाही अब असर दिखाने लगी है। कोरबा-चांपा मार्ग अंतर्गत उरगा पुलिस ने बरबसपुर क्षेत्र में दबिश देकर कबाड़ से लदे तीन वाहनों को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि एक यार्ड में कबाड़ की लोडिंग चल रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली। सूचना के आधार पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तीन वाहनों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया और आगे की जांच शुरू कर दी। यह कार्यवाही केवल तीन वाहनों की जब्ती भर नहीं है, बल्कि उन अवैध कारोबारियों के लिए एक स्पष्ट संदेश भी है, जिन्होंने वर्षों से कबाड़ के नाम पर समानांतर नेटवर्क खड़ा कर रखा है। हाल के दिनों में कोरबा पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी और जब्ती की कार्यवाही ने कबाड़ माफियाओं की नींद उड़ा दी है। जिन क्षेत्रों में कभी खुलेआम यह कारोबार संचालित होता था, वहां अब पुलिस की बढ़ती सक्रियता से बेचैनी साफ दिखाई देने लगी है। उरगा पुलिस की लगातार सख्ती ने अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। यदि यह अभियान इसी दृढ़ता के साथ जारी रहा तो आने वाले दिनों में जिले में सक्रिय कबाड़ माफियाओं के नेटवर्क को बड़ा झटका लग सकता है। पुलिस की यह मुहिम अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि कानून के प्रति बढ़ते भरोसे की परीक्षा भी बन चुकी है। - 07 जून