07-Jun-2026
...


- 2 महीने बाद मां और उसके कारोबारी दोस्त पर हत्या का केस दर्ज - दोस्त गिरफ्तार व मां फरार बेंगलुरु (ईएमएस)। शहर में छह वर्षीय बच्ची वेनेला की संदिग्ध मौत के मामले में दो महीने बाद एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलिस ने अब इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी है। कडुगोडी थाना पुलिस ने मृत बच्ची की मां और पेशे से अधिवक्ता पी. प्रियंका और उसके दोस्त मोहन जी. महालिंगप्पा, जो कि एक रियल एस्टेट कारोबारी है, को हत्या के आरोप में नामजद किया है। पुलिस ने आरोपी मोहन को गिरफ्तार कर सात दिनों की पुलिस रिमांड पर ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मां प्रियंका फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। यह पूरी कार्रवाई बच्ची के पिता प्रवीण बसप्पा की शिकायत के बाद की गई है, जो दावणगेरे के एक अंतरराष्ट्रीय स्कूल के संस्थापक और शिक्षक हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा घटनाक्रम 24 मार्च की रात का है, जिस दिन प्रियंका का जन्मदिन था। प्रियंका ने शुरुआत में अपने परिवार और पुलिस को बताया था कि उसने बेटी वेनेला को रात में बिरयानी और आइसक्रीम खिलाई थी। इसके बाद उसने बच्ची को कार में एसी चलाकर सुला दिया और खुद अपने दोस्त मोहन के साथ कॉफी शॉप चली गई थी। देर रात घर लौटने के बाद प्रियंका ने सो रही बच्ची को कार से निकालकर कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया। अगली सुबह जब वेनेला में कोई हलचल नहीं हुई और वह नहीं जागी, तो उसे तुरंत व्हाइटफील्ड के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती दौर में पुलिस ने इस घटना को फूड पॉइजनिंग के कारण हुई अस्वाभाविक मौत मानते हुए मामला दर्ज किया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने और मां प्रियंका के बयानों में लगातार मिल रहे विरोधाभासों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया और पुलिस ने बच्ची के विसरा सैंपल को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा। फॉरेंसिक इनपुट्स और पिता की शिकायत के आधार पर अब पुलिस इसे सीधे तौर पर हत्या की साजिश मानकर आगे की तफ्तीश में जुट गई है, ताकि मासूम की मौत का असली सच सामने आ सके। - ईएमएस 07 जून 2026