- एक साथ चुने गए भगवान के 5 माता-पिता और 5 सौधर्म इंद्र, देश भर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु गुना (ईएमएस)।देश के धार्मिक इतिहास में पहली बार गुना शहर में एक अनूठा और भव्य आदिनाथ जिनबिम्ब पंचमुखी पंचकल्याणक महोत्सव का श्रीगणेश रविवार को मुनि पुंगव सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में हुआ। पुण्योदय तीर्थ बजरंगढ़, गुना के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक महोत्सव के मुख्य पांच-पांच शीर्ष पात्रों के चयन की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से बीजी रोड स्थित नसियांजी में प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैयाजी के निर्देशन में संपन्न हुआ। जैन धर्म के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी पंचकल्याणक महोत्सव में भगवान के पांच माता-पिता के साथ-साथ पांच सौधर्म इंद्र, कुबेर, ईशान इंद्र और यज्ञनायक सहित अन्य सभी प्रमुख पात्रों की संख्या पांच-पांच होगी। इस अलौकिक और अनूठे चयन का गवाह बनने के लिए गुना सहित संपूर्ण देश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुना पहुंचे हैं। महोत्सव के इस प्रथम चरण में जिन मुख्य पात्रों का चयन किया गया है, उनमें तीर्थंकर बालक ऋषभ कुमार के माता-पिता के रूप में प्रथम पात्र एस के जैन अमिता जैन (अध्यक्ष पुण्योदय), द्वितीय पात्र अरविंद जैन शरद एजेंसी (अध्यक्ष गौशाला), तृतीय पात्र देवेंद्र संगीता सिंघई (साजन बोरबेल), चतुर्थ पात्र सुनील रवि छतरपुरिया परिवार और पंचम पात्र के रूप में सुनील शशि छतरपुरिया का चयन हुआ है। इसी प्रकार महोत्सव के पांच सौधर्म इन्द्र के रूप में प्रथम भूपेश म्याना सुरेशचंद म्याना परिवार, द्वितीय अखिलेश, प्रीतेश, डॉ राहुल, पिपरई परिवार, तृतीय शैलेन्द्र ज्योति पाटई परिवार, चतुर्थ धर्मेंद्र मनीषा, सरिता स्टील परिवार और पांचवें सौधर्म इन्द्र के रूप में अनुज मुस्कान छतरपुरिया का चयन किया गया है। कार्यक्रम में महायज्ञ नायक के रूप में डॉ प्रीतेश-रागिनी को चुना गया है। इसके साथ ही कुबेर इन्द्र के पात्रों में विनोद राजकुमारी जामनेर, सुशीला, प्रीति, संजय बजरंगढ़ परिवार और विमलश्री एम्पोरियम परिवार का चयन हुआ है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में समय अधिक हो जाने के कारण कुबेर इन्द्र के शेष पात्रों सहित बाकी के अन्य प्रमुख पात्रों का चयन आगामी दिनों में बाद में किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे अंचल के जैन समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। चातुर्मास की अभिलाषा लेकर गुना श्रीफल भेंट करने पहुंचे इंदौर की श्रद्धालु पुण्योदय तीर्थ बजरंगढ़ में आयोजित हो रहे ऐतिहासिक पंचमुखी पंचकल्याणक महोत्सव को लेकर देशव्यापी उत्साह है।रविवार को इंदौर से दर्जनों बसों और निजी वाहनों के काफिले के साथ जैन समाज के श्रद्धालुओं का विशाल सैलाब मुनि पुंगव सुधा सागरजी महाराज के दर्शनार्थ गुना पहुंचा है। इंदौर गोधा स्टेट के सुप्रसिद्ध उद्योगपति मनीष गोधा के नेतृत्व में आए इस जत्थे ने मुनिश्री के चरणों में श्रीफल भेंट कर इंदौर में आगामी चातुर्मास करने की मंगल प्रार्थना की। इसी क्रम में, सोमवार को पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी हजारों श्रद्धालु गुना पहुंचेंगे। - सीताराम नाटानी