क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान विजय सिंह (44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी थे। वह आईटीबीपी में कार्यरत थे और वर्तमान में जलालपुर कैंप में तैनात थे। बताया जाता है कि 3 जून को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए एशियन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार को विजय सिंह अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित वॉशरूम गए थे। कुछ देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वह ऊंचाई से गिरे हैं या उन्होंने छलांग लगाई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल के कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना को लेकर कई सवाल बने हुए हैं और जांच जारी है। - ०७ जून/२०२६/ईएमएस