औरंगाबाद, (ईएमएस)। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर-गया पथ पर गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतकों की पहचान ममता कुमारी (उपेंद्र यादव की पत्नी, हिच्छन बिगहा गांव), चुलबुल कुमारी (उपेंद्र यादव की पुत्री) तथा खुशी कुमारी (बिनोद कुमार की पुत्री, डड़वां गांव, उपहारा थाना क्षेत्र) के रूप में की गई है। वहीं, हादसे में समर कुमार और मुस्कान कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र में आयोजित मधुश्रमा मलमास मेला से कार द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दधपी मोड़ के पास उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए यहां जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। - ०७ जून/२०२६/ईएमएस