07-Jun-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। रविवार देर शाम बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा रोजगार एवं कौशल विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की गाड़ी पर मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र में रूप से जानलेवा हमला किए जाने की सूचना है। घटना में मंत्री सुरक्षित हैं, लेकिन उनकी सरकारी गाड़ी को काफी क्षति पहुंची है। हमलावरों ने गाड़ी के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री अरुण शंकर प्रसाद अपने विधानसभा क्षेत्र में किसी व्यक्ति के निधन पर शोक-संवेदना व्यक्त करने के लिए गए थे। इसी दौरान कलुआही थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुए हमले में मंत्री के वाहन को निशाना बनाया गया। वाहन के अगले एवं पिछले शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि मंत्री को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं पंहुचा है। वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंत्री कलुआही थाना पहुंचे, जहां वे पुलिस अधिकारियों के साथ मामले की जानकारी दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार तत्काल कलुआही थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने घटनास्थल और क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है। घटना के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।मंत्री के वाहन पर हुए इस हमले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद कलुआही थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।