क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले के चारामा क्षेत्र के हाराडुला में अवैध रेत खनन के खिलाफ बीती रात बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी स्वयं मौके पर पहुंचीं और कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक डटी रहीं। जानकारी के अनुसार, विधायक को क्षेत्र में लगातार अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के बाद वे रात मौके पर पहुंचीं। बताया गया कि कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को कई बार फोन किया गया, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। स्थिति बिगड़ने पर विधायक ने रात लगभग 2 बजे तक मौके पर धरना दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कांकेर ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बल भेजा और फोन पर बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद एक पकड़े गए वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि जैसे ही दबिश की जानकारी फैली, मौके पर मौजूद अवैध खनन से जुड़े वाहन और मशीनें फरार हो गईं। अगले दिन एक वाहन को जब्त किया गया। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की कार्रवाई देखने को मिली हो। इससे पहले 29 मई को भी विधायक को दुर्गूकोंदल क्षेत्र की खदान में घंटों धरना देना पड़ा था, जिसके बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए कई हाइवा और मशीनें जब्त की थीं। इसके अलावा 15 मई को कांकेर क्षेत्र में सांसद भोजराज नाग द्वारा भी अवैध खनन के खिलाफ दबिश देकर बड़ी संख्या में मशीनें और वाहन जब्त कर कार्रवाई कराई गई थी। - (ईएमएस) 09 जून 2026