- विकास भवन में हुई बैठक में कई मुद्दों पर उठे सवाल, जवाब मांगते रहे एमआईसी सदस्य बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम विकास भवन स्थित दृष्टि सभाकक्ष में सोमवार को महापौर पूजा विधानी की अध्यक्षता में आयोजित मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक हंगामेदार रही। बैठक की शुरुआत से लेकर समापन तक गंदे पानी की आपूर्ति, अवैध कब्जा व प्लाटिंग और वार्डों की मूलभूत समस्याओं को लेकर सदस्यों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस होती रही। कई मुद्दों पर महापौर और एमआईसी सदस्यों के बीच भी वाद-विवाद देखने को मिला। एमआईसी सदस्य बंधू मौर्य ने अपने वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस दौरान महापौर पूजा विधानी और उनके बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे बैठक का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे समेत सभी एमआईसी सदस्य मौजूद रहे। विभिन्न मुद्दों पर लंबी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के बीच बैठक संपन्न हुई। अवैध प्लाटिंग पर उठे सवाल बैठक में शहर में तेजी से बढ़ रही अवैध प्लाटिंग का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। सदस्यों ने पूछा कि नियमों का उल्लंघन कर विकसित हो रही कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। अधिकारियों से जवाब मांगते हुए कई सदस्यों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। पार्षदों ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी एमआईसी सदस्य तिलक साहू और प्रकाश यादव ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को जमकर घेरा। सड?, पानी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई और जल्द समाधान की मांग की। - 09 जून 2026