09-Jun-2026
...


- उत्पादन के दबाव में सुरक्षा की अनदेखी? - मलबे से निकाले गए आठ शव, बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा - बिना गहन जांच के काम दोबारा शुरू कर दिया गया विशाखापत्तनम (ईएमएस)। राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में कल एक भीषण विस्फोट होने से आठ श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इस भयावह घटना को लेकर मजदूर संगठनों ने सीधे तौर पर प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा मानकों में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शाम करीब 4:15 बजे स्टील मेल्टिंग यूनिट के कंटीन्यूअस कास्टिंग विभाग में हुआ, जहां करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला खौलता हुआ तरल स्टील ले जा रही एक लैडल (बड़ा कंटेनर) अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई। विस्फोट के साथ ही लगभग 150 टन पिघला हुआ स्टील पूरे शॉप फ्लोर पर फैल गया, जिसकी चपेट में आने से वहां मौजूद 18 कर्मचारियों में से आठ की मौके पर ही मौत हो गई और चारों तरफ भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और राहत टीम मौके पर पहुंचे, लेकिन डेढ़ घंटे तक धधकती आग के कारण शवों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल में भर्ती झुलसे कर्मचारियों की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान तकनीशियन भानु कुमार, जनरल फोरमैन के प्रभाकर, जीवी अप्पा राव, एम कृष्णा नागु, गोल्ड कुमार और ठेका श्रमिक रमना, त्रिनाथ व एन अप्पाला राजू के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रावुरी मल्लिकार्जुन, पी श्रीनिवास राव, अर्जुन अप्पा राव सहित अन्य शामिल हैं, जो 70 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके हैं। सीटू नेता के अयोध्या राम और आईएनटीयूसी नेता मंत्री राजशेखर ने आरोप लगाया कि उत्पादन बढ़ाने के दबाव में सुरक्षा प्रोटोकॉल और रखरखाव (मेंटेनेंस) की लगातार अनदेखी की जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि इस मुख्य हादसे से महज 40 मिनट पहले भी प्लांट के एक अन्य हिस्से में आग लगी थी, जिसे नियंत्रित करने के तुरंत बाद बिना गहन जांच के काम दोबारा शुरू कर दिया गया था। इस बीच, एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने तुरंत घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जबकि केंद्रीय इस्पात मंत्री एच डी कुमारस्वामी स्थिति की समीक्षा के लिए मंगलवार को विशाखापत्तनम प्लांट पहुंचेंगे। - ईएमएस 09 जून 2026