09-Jun-2026
...


- महिला डीसीपी ने खुद अंडरकवर होकर पब में मारा छापा - मोटा बिल वसूलने का चल रहा था गंदा खेल - 4 महिलाओं समेत 9 दबोचे गए - अब लाइसेंस रद्द करने की तैयारी हैदराबाद (ईएमएस)। साइबर सिटी हैदराबाद के कुकटपल्ली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक नामी पब में देर रात पुलिस ने एक बड़े गुप्त ऑपरेशन को अंजाम देते हुए छापा मारा है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के दौरान पब के चार महिला कर्मियों समेत कुल नौ कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन की सबसे खास बात यह रही कि कुकटपल्ली की डीसीपी रितिराज ने खुद अंडरकवर (भेष बदलकर) होकर पब के भीतर चल रहे अनैतिक खेल की पुष्टि की और इसके बाद अपनी विशेष टीम के साथ ‘किंग्स एंड क्वींस (क्लब मस्ती) पब’ पर अचानक धावा बोल दिया। शुरुआती जांच और सबूतों के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया है कि पब प्रबंधन महिला कर्मचारियों का इस्तेमाल पुरुष ग्राहकों को आकर्षित करने, उन्हें रिझाने और उनसे मोटा बिल वसूलने के लिए कर रहा था। इसके साथ ही वहां ग्राहकों से अनैतिक संपर्क साधने जैसी संदिग्ध गतिविधियां भी चलाई जा रही थीं। डीसीपी रितिराज ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान ग्राहकों को फुसलाने (सॉलिसिटिंग) के पुख्ता संकेत मिले हैं, जबकि देह व्यापार (सेक्स रैकेट) से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की अभी गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह पब ऐसी अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के एक बड़े मंच के रूप में काम कर रहा था। हालांकि, पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि मौके से हिरासत में ली गई चार महिलाओं को आरोपी नहीं, बल्कि इस मामले में मुख्य गवाह माना गया है। छापे के दौरान यह भी सामने आया कि पब तय समय सीमा का उल्लंघन कर देर रात तक धड़ल्ले से खुला था और नियमों को ताक पर रखकर शराब व भोजन परोसा जा रहा था। इसके अलावा पब के पास वैध पुलिस एनओसी भी नहीं थी और न ही वहां नाबालिगों की एंट्री रोकने के कोई इंतजाम थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस पब का व्यापार लाइसेंस प्रसाद रेड्डी के नाम पर दर्ज है, जबकि इसका मुख्य संचालन मुरली कृष्णा और प्रबंधन का जिम्मा रविंद्र नाम का व्यक्ति देख रहा था। इस भारी अनियमितता के बाद पुलिस प्रशासन ने पब का लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी का डीवीआर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही परिसर में मौजूद संदेहास्पद वाहनों का विवरण भी खंगाला जा रहा है। जांच में पता चला है कि इस पब पर पहले भी निर्धारित समय से अधिक देर तक संचालन के तीन अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल, भदानीनगर पुलिस ने इस पूरे नेक्सस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और पीआईटी एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश तेज कर दी है। - ईएमएस 09 जून 2026