इन्दौर (ईएमएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक दिनकर सबनीस द्वारा राऊ विधानसभा क्षेत्र में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा ग्राहक समस्या समाधान हेतु संचालित दो मार्गदर्शन केन्द्रों का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर नगर संघचालक प्रदीप अभ्यंकर एवं क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रथम केंद्र का अधिवक्ता स्नेहिल वर्मा के निवास, अन्नपूर्णा मंदिर के सामने व द्वितीय केंद्र सह विधि प्रमुख शुभांग गाडगिल के कार्यालय, गुरुनानक कॉलोनी स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के पास स्थापित किया है। उक्त मार्गदर्शन केन्द्रों के शुभारंभ कार्यक्रम की जानकारी देते मनोज पंवार ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन तुषार दुबे एवं स्नेहिल वर्मा ने किया। संगठन का परिचय मालवा प्रांत अध्यक्ष देवेंद्र दुबगे ने दिया। मालवा प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कौशल ने मार्गदर्शन केंद्र के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अपने संबोधन में अतिथि दिनकर सबनीस ने कहा कि ग्राहक पंचायत पूरे भारत में ग्राहकों से जुड़ी समस्याओं के लिए समन्वय की पद्धति से कार्य कर रहा है। जब ग्राहक किसी समस्या में फंस जाता है उसे समझ नहीं आता कि क्या करे, उस समय मार्गदर्शन केंद्र द्वारा समस्या हल करने हेतु मार्गदर्शन किया जाता है। केंद्र का उद्देश्य ग्राहक को सशक्त बनाना है ताकि वह समस्या स्वयं हल कर सके। विधायक मधु वर्मा ने कहा कि दिनकर ने ग्राहक पंचायत संगठन को स्थापित किया है। इस अवसर पर प्रशांत ग्वालियरी, बहादुर सिंह राजपूत, चंद्र प्रकाश तिवारी, प्रांत कोषाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह सिसोदिया, डी. जी. मिश्र, मनोज पंवार, विनोद ठाकुर, प्रकाश दौर शामिल थे। - 09 जून 2026