क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में वीआईपी आवास पर भी अब बैखौफ बदमाश निशाना बनाने से नहीं चूक रहे है। मालवीय नगर स्थित विधायक विश्राम गृह में रविवार को मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल को आवंटित आवास में चोरी की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोर फ्लैट से विधायक के पीए का लैपटॉप, नकदी, कीमती घड़ी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद विधायक विश्राम गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं अरेराहिल्स थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मऊगंज (रीवा) विधायक प्रदीप पटेल को विधायक विश्राम गृह के खंड क्रमांक-3 में तीसरी मंजिल पर फ्लैट क्रमांक-74 आवंटित है। फ्लैट में उनके निज सचिव डॉ. रमानंद पटेल रहते हैं। पीए डॉ. रामानंद पटेल ने पुलिस को बताया कि वे 7 जून 7 जून रविवार सुबह को मऊगंज से भोपाल आए थे। करीब 10 बजे वह नाश्ता करने के लिए बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने फ्लैट के दरवाजे पर केवल कुंडी लगाई थी। वापस आने पर वे अपने साथी के कमरा नंबर-39 में बैठकर बातचीत करने लगे। करीब एक घंटे बाद दोपहर साढ़े 12 बजे वापस लौटने पर दरवाजा खुला मिला और अंदर रखा लैपटॉप, कीमती घड़ी तथा अन्य जरूरी दस्तावेज गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। पीए ने बताया कि लैपटॉप और पेन ड्राइव में विधानसभा से जुड़ा जरूरी डेटा भी था। थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जुनेद / 9 जून