बंद खाते का चेक देकर वेतन भुगतान का आरोप जबलपुर, (ईएमएस)। लम्हेटा-भेड़ाघाट रोड स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने वेतन भुगतान नहीं होने और कथित धोखाधड़ी के विरोध में अधिवक्ता समाजसेवी आशीष ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस दौरान कर्मचारियों का आरोप है कि तरनजीत सिंह सिक्योरिटी कंपनी के तहत कार्यरत दर्जनों गार्डों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। गार्डों के अनुसार मार्च और अप्रैल माह के वेतन के लिए कंपनी द्वारा दिए गए चेक बैंक में जमा करने पर वापस हो गए। बैंक ने बताया कि जिस खाते से चेक जारी किए गए थे, वह काफी समय पहले बंद हो चुका है। कर्मचारियों का आरोप है कि इसके बाद कंपनी संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सिक्योरिटी मैनेजर ने भी वेतन नहीं मिलने की बात कही, जबकि कंपनी संचालक द्वारा कर्मचारियों को ड्यूटी छोड़ने पर वेतन नहीं देने और शिकायत करने पर धमकी दी जा रही है। पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि चार महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं तथा बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। मुकेश पाल, अमर सिंह, राज बैरागी, प्रेमलाल रजक, मनोज मिश्रा और राजू गौंड सहित अन्य कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर सिक्योरिटी कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा बकाया वेतन दिलाने की मांग की है। सुनील साहू / मोनिका / 09 जून 2026/ 02.22